पुलिस के साये में प्रतीकात्मक रूप से महादेव को कराया भ्रमण

पांच लोगों के साथ निकली त्र्यंबकेश्वर की सवारी, भक्तों को आरती करने से रोका

बडऩगर, अग्निपथ। शहर में सावन माह में निकलने वाली महादेव सवारियों पर अचानक लगाए प्रतिबंध में प्रशासन ने ढील दे दी है। जनआक्रोश को ध्यान में रखकर मंदिर के 100 मीटर के दायरे में सवारी निकालने की अनुमति दी है। हालांकि इस दौरान पुलिस साये की तरह पूरे समय साथ रही और भक्तों को भोलेनाथ की आरती भी नहीं करने दी।

दो सप्ताह तक बगैर रोक के चारों महादेव के नगर भ्रमण के बाद रविवार को सोमेश्वर महादेव की सवारी के शहर में निकलने पर प्रशासन ने रोक लगा दी। इसको लेकर लोगों में आक्रोश था। सोमवार को भी त्र्यंबकेश्वर महादेव की सवारी में भी यही नजारा रहा। त्र्यंबकेश्वर महादेव को नगर भ्रमण के लिए आकर्षक रूप में सजाया गया व पालकी में बैठाकर ठेला गाड़ी में रखा था।

बड़नगर में त्र्यंबकेश्वर महादेव नगर भ्रमण के लिए तैयार हुए लेकिन मंदिर के आसपास ही निकालना पड़ी सवारी।

भक्तजनों ने आरती की व जब नगर भ्रमण की बारी आई तो पुलिस बल ने भक्तों को महादेव की पालकी के साथ जाने से रोक दिया। समिति प्रमुख को हिदायत दी इसके बाद सिर्फ पांच लोगों ने ठेला गाड़ी में रखी पालकी में विराजीत त्र्यंबकेश्वर महादेव का 100 मीटर के दायरे में प्रतीकात्मक रूप से भ्रमण करा कर पुन: मंदिर ले जाया गया। इस दौरान पुलिस ने भक्तों को आरती भी नहीं करने दी।

भक्तों में आक्रोश

श्रावण में महादेव के नगर भ्रमण पर रोक के बाद भक्तगणों में आक्रोश है। चौक चौराहो पर धर्म व परंपरा पर कुठाराघात के रूप को लेकर आक्रोश जताया जा रहा है। कोई शासन को कोस रहा है तो कोई प्रशासन को तो कोई जन प्रतिनिधियों व नेताओं को। इस आक्रोश के चलते प्रशासन व जनप्रतिनिधियों का घेराव तथा बडऩगर बंद कराने जैसे सुझाव भी सोशल मीडिया पर मिल रहे हैं।

इसलिए नाराजगी

प्रशासन के सवारी पर रोक लगाने के फैसले से जनता में इसलिए नाराजगी है क्योंकि दो सप्ताह तक सवारी निकलने की अनुमति के बाद अचानक रोक लगा दी गई। जबकि रोक लगाने के एक दिन पहले ही अन्नोत्सव के सरकारी कार्यक्रम में जगह-जगह हितग्राहियों सहित भाजपा नेता इकट्ठा हुए। जिस पर प्रशासन ने कोई रोक नहीं लगाई।

आज मंगलेश्वर महादेव की सवारी

एक सदी पुरानी परंपरा के तहत सावन मास में नगर में विराजित चारों महादेव अलग-अलग दिन नगर भ्रमण पर निकलते हैं।
रविवार को सोमेश्वर महादेव की सवारी निकलने पर प्रशासन ने रोक लगा दी थी। हालांकि जन आक्रोश के चलते बाद में मंदिर के आसपास सवारी सीमित दायरे में निकालने की छूट दी। वहीं मंगलवार को त्र्यंबकेश्वर महादेव की सवारी 100 मीटर के दायरे में पुलिस के साये में निकाली गई। अब मंगलवार को मंगलेश्वर महादेव की सवारी निकलना है। देखना होगा कि इस पर प्रशासन क्या फैसला लेता है।

यह भी पढ़ें :  महादेव की सवारी पर प्रशासन का अचानक पहरा, नहीं निकलने दिया नगर भ्रमण पर

Next Post

हरदा: नर्मदा जल लेकर निकाली कावड़ यात्रा

Mon Aug 9 , 2021
हरदा। पूर्व विधायक डॉ. आर के डोगने के नेतृत्व में हंडिया से नर्मदा का जल लेकर कावड़ यात्रा निकाली गई। 20 किमी का सफर तय कर हरदा स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया। इसके अलावा मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी द्वारा भी श्रावण के तीसरे सोमवार को […]
Hara kawad yatra