उज्जैन जिले में 73.37 प्रतिशत मतदान; तराना में सबसे ज्यादा 79.92 प्रतिशत वोट डले

उज्जैन, अग्निपथ। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। मतदान शाम 6 बजे तक चला। जिले में 1824 पोलिंग बूथ बनाए गए थें। इनमें 241 संवेदनशील हैं। 68 आदर्श मतदान केंद्र हैं। उज्जैन जिले की 7 विधानसभा सीटों में इस बार कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। दो सीटों पर निर्दलीय भी दम दिखा रहे हैं। जिले में शाम 5 बजे तक 73.37 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिले में सुबह 7 से 9 बजे तक-12.96, इसके बाद , सुबह 9 से 11 बजे तक- 29.14, सुबह 11 बजे से 1 बजे तक- 46.40 और आखिरी दौर दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक 73.37, दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक- 61.11 प्रतिशत मतदान हुआ है।

मतदान के बाद वोटर की हार्टअटैक से मौत

उज्जैन उत्तर में चिमनगंज कृषि उपज मंडी के मतदान केंद्र 55 में मतदाता की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाते वक्त मतदाता ने दम तोड़ दिया। मृतक का नाम संजय मालवीय हैं जो कि उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र में गांधीनगर का निवासी हैं। संजय मालवीय अपनी पत्नी के साथ कृषि उपज मंडी मतदान केंद्र 55 में पहुंचे थे। वे पर्ची लेकर मतदान बूथ पर गये और वोट डाला। पर वहां अचानक उन्हें घबराहट होने लगी। लोगों ने ऑटो बुलाकर जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। डॅाक्टरों ने मरने की वजह हार्ट अटैक बताया।

संभागायुक्त ने पिंक बूथ में सबसे पहले प्रात: 7 बजे किया मतदान

संभागायुक्त डॉ.संजय गोयल ने पिंक मतदान केंद्र क्रमांक-204 में प्रात: 7 बजे सबसे पहले पहुंचकर मतदान किया। संयुक्त संचालक कृषि कल्याण तथा कृषि विकास विभाग परिसर में स्थित पिंक मतदान में मतदान केंद्र का संचालन महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है। संभागायुक्त ने मतदान से पहले महिला कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी और कहा कि मतदान केंद्र को बहुत ही सुंदर तरीके से सजाया गया है। आप सब बहुत ही बेहतर कार्य करके दिखाएं। पीठासीन अधिकारी डॉ.फरहीन सय्यद ने कहा कि मतदान केंद्र में कार्यरत सभी महिला कर्मचारी अपना काम पूरी एनर्जी के साथ करेंगी।

कलेक्टर ने सपरिवार लाइन में लग कर पिंक केन्द्र पर किया मतदान

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुमार पुरुषोत्तम ने प्रात: कोठी के समीप मिट्टी परीक्षण शाला के पिंक मतदान केन्द्र में सपरिवार लाइन में लगकर मतदान किया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी वीणा सिंह, उनके पिता सत्येंद्रदेव सिंह और सुपुत्र स्वास्तिक सिंह ने मतदान किया। साथ ही लाइन में लगकर पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा एवं सीईओ जिला पंचायत मृणाल मीना ने भी अपने मताधिकार का उपयोग किया।

Next Post

84 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने किया मतदान

Fri Nov 17 , 2023
शाजापुर में जिला प्रशासन की अपील पर सुबह से शाम तक लगी मतदाताओं की कतार शाजापुर, अग्निपथ। लोकतंत्र में मिले अधिकार के तहत विधानसभा चुनाव में शुक्रवार को मतदाताओं वोट डालकर निर्वाचन में उत्साह से भाग लिया। मतदाताओं के उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि […]