ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आयोजन 30 मई तक संभागीय मुख्यालय पर 22 खेलों के शिविर

उज्जैन, अग्निपथ। इस बार उज्जैन में 22 खेलों के प्रशिक्षण शिविर अलग-अलग स्थान पर आयोजित किये जा रहे हैं। गुरुवार को कुश्ती ऐरिना में इन खेलों को औपचारिक शुभारंभ एक समारोह में किया गया।

संचालनालय खेल और युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार इस वर्ष भी ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर खेल विभाग उज्जैन एवं खेल संघों के सहयोग से 1 से 30 मई तक जिला मुख्यालय पर 22 खेलों में एवं विकासखण्ड स्तर पर 2-2 खेलों में लगाया जा रहा है। जिसका औपचारिक शुभारंभ क्षीर सागर के कुश्ती खेल एरिना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश भार्गव के मुख्य आतिथि, भास्कर राव भागवत, चित्रेष शर्मा, शैलेन्द्र व्यास, ओपी शर्मा, आरएल वर्मा, ओपी जोशी, सतीश मेहता, विजय बाली आदि समस्त खेल संघों के पदाधिकारियों के विशेष आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।

मंचासीन अतिथियों का स्वागत विभागीय प्रशिक्षक एवं खिलाडिय़ों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के आरंभ मल्लखम्ब एवं दीप योग के खिलाडिय़ों द्वारा सुन्दर प्रस्तुति के साथ की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश भार्गव ने कहा कि भले ही प्रदेश की ऊर्जा राजधानी सिंगरौली को कहा जाता है, परन्तु यहां बैठे ऊर्जा के सैलाब (खिलाड़ी) व जोश को देखते हुए लगता है कि खेलों में ऊर्जा की राजधानी उज्जैन है। आज के परिदृश्य में वर्चुअल (मोबाइल) खेलों ने नई पीढ़ी के बच्चों को अलग ही ट्रेक पर लाकर खड़ा कर दिया है, जिसके कारण बच्चे अपराध, शोषण व अन्य व्याधियों से ग्रसित हो रहे है, इसलिये बच्चों को खेल मैदान पर उतार कर चुनौतियों को स्वीकार करने की आदत डालने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम स्वागत उद्बोधन में जिला खेल अधिकारी ओपी हरोड़ ने कहा कि खेलों में बच्चों के रूझान को देखते हुए इस बार संभागीय मुख्यालय पर 15 खेलों के स्थान पर लगभग 22 खेलों के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 1 से 30 मई तक विभिन्न स्थानों पर किया जा रहा है। विभाग एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में उज्जैन को खेलों का हब बनाये जाने का कार्य निरन्तर जारी हैं। शिविर में भाग लेने वाले समस्त खिलाडिय़ों को प्रमाण-पत्र वितरित किये जायेंगे। साथ सक्रिय खेल संघ/संस्थाओं व उनके प्रशिक्षकों को विभाग द्वारा प्रदाय सुविधाओं का लाभ दिया जायेगा।

इसी क्रम में भास्कर राव एवं शेलेन्द्र व्यास ने अपने उद्बोधन में खिलाडिय़ों के सर्वांगीण विकास एवं खेल मैदानों से जुड़े रहने हेतु मार्गदर्शन दिया तथा कहा कि उज्जैन में खेल विभाग द्वारा खेल मैदान एवं खेल उपकरण उपलब्ध कराये गये हैं। सभी खिलाड़ी इन सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर अपने भविष्य को उज्जवल बनायें। संचालन प्रशिक्षक मोहनलाल बम्बोरिया द्वारा किया गया।

 

Next Post

चुनावी राजनीति के लिए प्रदूषण का मुद्दा उठाकर मां क्षिप्रा पर सवाल उठा रहे हैं- मुख्यमंत्री मोहन यादव

Thu May 2 , 2024
घाटों का किया निरीक्षण, मुख्यमंत्री ने शिप्रा में स्नान कर चुनरी ओढ़ाई उज्जैन, अग्निपथ। पंचक्रोशी यात्रा विधिवत शुरू होने से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार की सुबह दत्त अखाड़ा घाट पहुंचकर शिप्रा में डुबकी लगाकर पूजन अर्चना की। मां क्षिप्रा का पूजन-अर्चन कर चुनरी चढ़ाई एवं घाटों का […]