विरोध जताने के दौरान जूते पहन कर कांग्रेसियों ने किया हनुमान चालीस का पाठ..!

कांग्रेस दफ्तर में तोडफ़ोड़ के विरोध में टावर से शहीद पार्क तक रैली निकाली

उज्जैन, अग्निपथ। जबलपुर के कांग्रेस दफ्तर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा की गई तोडफ़ोड़ के विरोध में उज्जैन शहर कांग्रेस के चालीस से ज्यादा नेताओं ने टॉवर चौक पर प्रदर्शन किया। हनुमान चालीसा का पाठ किया। रामधुन जूते पहनकर गाई। वहीं शहीद पार्क तक रैली निकाली।

रविवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया के नेतृत्व में कांग्रेस नेता टावर चौक पर एकत्र हुए। यहां हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए रामधुन गाई और रघुपति राघव राजा राम भजन गाकर डमरू और झांझ मजीरे बजाते हुए 1 घंटे तक प्रदर्शन किया । इस दौरान कई कांग्रेस के कार्यकर्ता जूते पहनकर भजन गाते रहे। जब मीडिया के लोग उनके फोटो लेने लगे तो कार्यकर्ताओं ने जूते उतारे और कई कार्यकर्ता समझ नहीं पाए वे जूते पहने ही विरोध प्रदर्शन में रामधुन गाते रहे।

धरने पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया, नेता प्रतिपक्ष रवि राय, अशोक भाटी, अजीत सिंह ठाकुर, विवेक यादव, अजय राठौर, अरुण रोचवाणी. सुनील जैन, सपना सांखला गीता यादव, सोनिया ठाकुर, अरुण वर्मा फिरोज पठान, देवव्रत यादव, चंद्रभान सिंह चंदेल, रहीम लाला, पुरुषोत्तम कहार, नीलेश खोले, राजेश बादली, बबलू खींची, दीपेश जैन, ललित मीणा रमेश परिहार सहित अन्य कांग्रेसी शामिल थे।

लोगों को भ्रमित करने बजरंगबली का नाम लिया

शहर कांग्रेस के अध्यक्ष रवि भदौरिया ने कहा कि पिछले दिनों जबलपुर में कांग्रेस कार्यालय में तोडफ़ोड़ कर बजरंग दल के नेताओं ने जो अराजकता फैलाई उसकी निंदा करते हैं बजरंग दल के नेताओं ने आमजन को भ्रमित करने के लिए बजरंगबली के नाम का दुरुपयोग किया। भदौरिया ने कहा, कांग्रेस कभी धर्म विरोधी नहीं रही कांग्रेस पार्टी कभी भी राजनीतिक लाभ लेने के लिए धर्म का उपयोग नहीं करती है।

देर से आने के बाद जबरन विक्की ने आगे बैठने की कोशिश की

कांग्रेस नेता विक्की यादव टॉवर चौक पर पर कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल होने देरी से आए थे। सभी कांग्रेस नेता पहली कतार में बैठ गए थे। इससे विक्की यादव को पहली कतार में जगह तो मिल गई। परन्तु वे शहर अध्यक्ष भदौरिया के पास नहीं बैठ पाए थे। इसलिए वे लाइन में किनारे पर जाकर बैठ गए थे। बाद में उन्होंनेे भदौरिया के पास बैठने के लिए पहले बैठे संगठन मंत्री अरूण रोचवानी को खसकाने की कोशिश की। परन्तु स्थान नहीं होने की वजह से रोचवानी खिसक नहीं पा रहे थे। इसलिए विक्की यादव को खड़े होकर मंजीरा बजाना पड़ा। बाद में सभी नेताओं ने जगह बनाकर उन्हें बैठाया।

महाकाल कांग्रेसियों को बुद्धि दे कि वे जूते पहनकर हनुमान चालीसा न पड़े

कांग्रेस नेताओं द्वारा हनुमान चालासी का पाठ करने के दौरान जूते पहनने की बात पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक पारस जैन ने कहा कि हम आरती या किसी भी तरह का पूजन करते हैं तो जूते उतारकर कर करते हैं। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है। कांग्रेस के नेताओं को चुनाव को देखते हुए इन चीजों से बचना चाहिए। कल से महाकाल मंदिर में भी जूते पहनकर जाने लगेंगे। भगवान महाकाल इन्हें सद्बुद्धि दे की वे जूते पहनकर पूजा या आरती में न जाएं।

Next Post

राजू द्रोणावत हत्याकांड: दो आरोपियों के मकान ढहाए बाइक चालक चार दिन के रिमांड पर

Mon May 8 , 2023
नया खुलासा: सात लोगों ने रची थी साजिश, तीन और धराए उज्जैन,अग्निपथ। फ्रीगंज में पांच दिन पहले हुए राजू द्रोणावत हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। हत्या की साजिश वारदात से करीब एक माह पहले सात लोगों ने रची थी। मामले में तीन और धरा गए। पुलिस ने सोमवार को […]