प्रभात फेरी में गूंजे महावीर के जयकारे, सामूहिक जुलूस आज

जन्म कल्याणक का उल्लास छाया, आज महावीर जयंती पर होंगे कई कार्यक्रम

उज्जैन, अग्निपथ। प्रभु महावीर जन्म कल्याण से पूर्व शनिवार को नमक मंडी जैन मंदिर से सुबह 6:30 बजे प्रभात फेरी निकाली गई। जिसमें सैकड़ो समाजजन शामिल हुए और पूरे मार्ग में भगवान महावीर के जयकारे लगाते हुए चले। पुरुष सफेद तो महिलाएं केसरिया साड़ी पहने इसमें शामिल हुई।

श्वेतांबर एवं दिगंबर जैन समाजजन कि सामूहिक प्रभातफेरी, छोटा सराफा, सतीगेट, कंठाल, एटलस चौराहा होते हुए फवारा चौक स्थित महावीर कीर्ति स्तंभ पर आकर समाप्त हुई। यहां ध्वज वंदन हुआ एवं सामूहिक ध्वज गीत गाया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद थे।

जो वीरता से स्वयं पर विजय प्राप्त करें, वहीं महावीर

श्री महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति महिला विंग के संयोजन में शनिवार दोपहर फ्रीगंज शीतलनाथ जैन मंदिर हाल में महिला सम्मेलन का आयोजन हुआ। महिला सशक्तिकरण को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभु महावीर के सिद्धांतों की वर्तमान उपयोगिता विषय पर साहित्यकार मीरा जैन व अखिल भारतीय जैन महिला महासंघ कि अध्यक्ष शकुंतला जैन ने विचार रखे। उन्होंने कहा कि जो स्वयं पर विजय प्राप्त कर ले वही महावीर कहलाते हैं। हमें भी अंदर की बुराइयों का त्याग करना चाहिए तभी हम महावीर के सिद्धांतों पर चल सकते हैं। आज के सामाजिक जीवन के दौर में भी कई प्रकार की कुरीतियों से दूर हटकर नारी को मुख्य धारा में जोडऩे का काम हो रहा है। नारी भी वीरता का प्रतीक है। मौजूदा हालात विश्व युद्ध जैसे बन गए हैं ऐसे में भगवान महावीर का शांति का संदेश अभी उतना ही प्रासंगिक है। महिला समिति संयोजक प्रफुल्ल गादिया ने स्वागत भाषण दिया एवं संचालन ममता दाता ने किया। जीरावाला नवरत्न बालिका मंडल ने नृत्य नाटिका प्रस्तुत की एवं अन्य महिला मंडलों में भी अपनी प्रस्तुति दी।

आज चांदी की वेदी में निकलेंगे, प्रभु महावीर, युवा खींचेंगे रथ

महावीर जन्म कल्याणक के अवसर पर रविवार सुबह 8 बजे खाराकुआ स्थित श्री सिद्धचक्र के केसरियानाथ तीर्थ से श्वेतांबर दिगंबर समाज का सामूहिक जुलूस निकलेगा। जिसमें चांदी की वेदी जी में प्रभु को विराजमान कर समाजजन अपने कांधे पर उठाकर निकलेंगे। प्रभु का एक रथ भी रहेगा जिसे इंद्र के रूप में समाज के युवा खींचेंगे। अभ्युदयपुरम गुरुकुल प्रणेता आचार्य डॉ. मुक्ति सागर सुरीश्वर जी, आचार्य अचल मुक्ति सागर सुरीश्वर जी सहित अन्य साधु साध्वी निश्रा प्रदान करेंगे। साथ ही 24 तीर्थंकर के चित्र, डीजे, महिला मंडल एवं हजारों की संख्या में समाजजन शामिल रहेंगे। डॉ. राहुल कटारिया के अनुसार जुलूस नमक मंडी, छोटा सराफा, सती गेट, कंठाल, फवारा चौक, इंदौर गेट, सखीपुरा, घी मंडी, तोपखाना उपकेश्वर चौराहा, बंसफोड़ गली होते हुए पुन: खाराकुआ मंदिर पर पहुंचकर समाप्त होगा। इसके उपरांत श्वेतांबर जैन समाज का साधार्मिक वात्सल्य सामाजिक न्याय परिसर एवं दिगंबर जैन समाज का साधार्मिक वात्सल्य जयसिंहपूरा जैन मंदिर पर आयोजित होगा।

जैन धर्म के सिद्धांत सुख,शांति,आनंद- महेंद्रसागर जी

शनिवार को गुरुदेव महेंद्र सागर मसा ने अपने नित्य प्रवचन में कहा कि जैन दर्शन अर्थात जैन सिद्धांत बतलाता है कि संसार का स्वरूप कैसा है संसार में दो प्रकार की वस्तु है एक जीव दूसरा अजीव, जीव वह जानता है समझता है सुखी दुखी होता है एवं अजीव इसके विपरीत होता है। संसार में जीव दो प्रकार की जीवन शैली में जीवन जीता है पहले अनुकूल स्थिति पाकर खुश होता है एवं प्रतिकूल स्थिति आने पर दुखी होता है दूसरी स्थिति अनुकूल या प्रतिकूल जैसी भी हो उसमें क्षमता भाव से जीते हुए आनंद में रहना। हम परमात्मा के सिद्धांतों को स्वीकार नहीं कर पाते इसलिए ज्यादा समय अशांति दुख अभाव तनाव में रहते हुए भी जीवन को बर्बाद कर देते हैं।

Next Post

लोड बढऩे से ग्रिड में आई खराबी से इंदिरा नगर व अंकपात क्षेत्र में देर रात तक रहा अंधेरा

Sat Apr 20 , 2024
उज्जैन, अग्निपथ। बिजली विभाग की तकनीकी खराबी के कारण इंदिरा नगर और आसपास के इलाके की करीब दो दर्जन से अधिक कॉलोनियों के लोगों ने शुक्रवार की रात अंधेरे में गुजारी। रात करीब 11 बजे से गुल हुई बिजली रात करीब 3 बजे के आसपास लौटी। शुक्रवार की रात को […]