डॉक्टर्स पर लगाम की कोशिश; सिविल सर्जन समय पूर्व बैठकर कर रहे रजिस्टर चैक

ओपीडी, वार्ड का राउंड लगाकर भी देख रहे डॉक्टर्स की उपस्थिति

उज्जैन, अग्निपथ। जिला अस्पताल के डॉक्टर्स समय के पाबंद नहंी हैं। लिहाजा मरीजों को सही समय पर डॉक्टर्स उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इसी मुश्किल को दूर करने के लिये सिविल सर्जन ने अनुशासनात्मक डंडा चलाया है। प्रतिदिन वह डॉक्टर्स की उपस्थिति चैक कर रहे हैं। यह काम चार से पांच दिन पहले से चल रहा है।

जिला अस्पताल में ढेरों डॉक्टर्स हैं, लेकिन समय पर अपनी ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। कोई डॉक्टर 10 बजे आ रहा है तो कोई 10.30 बजे तक। जबकि इनका ड्यूटी का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक और शाम को 5 से 6 बजे तक का है। इसकी जानकारी लगने के बाद सिविल सर्जन डॉ. पीएन वर्मा ने इनको समय का पाबंद करने के लिये कमर कस ली है।

विगत पांच दिन से वह लगातार आरएमओ आफिस में 9 बजे से पूर्व आकर बैठ रहे हैं और उपस्थिति रजिस्टर को चैक कर रहे हैं। फिलहाल समझाइश से काम चलाया जा रहा है, लेकिन इसके बाद भी नहीं मानने पर इनको नोटिस आदि देेने की भी तैयारी की जा रही है।

वार्ड और ओपीडी में भी राउंड

मरीजों को जिला अस्पताल आकर सही समय पर इलाज मिल सके, इसके लिये सिविल सर्जन डॉ. वर्मा ओपीडी के साथ साथ वार्ड का भी राउंड कर रहे हैं। ज्ञातव्य रहे कि जिला अस्पताल के कई कर्मचारी भी सही समय पर अपनी ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। ऐसा इसलिये हो रहा है कि डॉक्टर्स अपने सही समय पर मरीजों को देखने के लिये नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में यदि डॉक्टर्स पर सही समय पर आने की पाबंदी लगा दी जायेगी तो नीचे का स्टाफ अपने आप सही समय पर ड्यूटी पर पहुंच जायेगा।

नोटिस देने के बाद भी नहीं मान रहे

पिछले दिनों भी सिविल सर्जन डॉ. वर्मा द्वारा डॉक्टर्स को सही समय पर अपनी ड्यूटी पर आने के लिये यही हथकंडा अपनाया गया था। कई डॉक्टर्स को नोटिस भी दिये गये थे। लेकिन कुछ दिन तो काम सही चला लेकिन इसके बाद फिर से ढील पाकर डॉक्टर्स अपनी मनमानी पर उतर आये। इन डॉक्टर्स के खिलाफ वेतन काटने और अन्य दंड देने संबंधी संबंधी कड़े नियम लागू नहीं किये जाते तब तक लगता है कि ऐसा ही चलता रहेगा।

Next Post

शादी से लौटा परिवार तो टूटा मिला मकान का ताला

Tue Apr 23 , 2024
तिरुपति सॉलिटेयर कालोनी में 2 मकानों में लाखों की चोरी उज्जैन, अग्निपथ। बदमाशों ने रात के अंधेरे में 2 मकानों पर धावा बोला और ताले तोडक़र बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। मंगलवार सुबह वारदात का पता चलने पर पुलिस जांच के लिये मौके पर पहुंची थी। आसपास लगे कैमरों […]
Tala toda