तीन बार के पूर्व विधायक रामलाल मालवीय समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल

मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के सामने भोपाल में की सदस्यता ग्रहण, 250 से अधिक कांग्रेसी उज्जैन में हुए शामिल

उज्जैन, अग्निपथ। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर शनिवार को पूर्व विधायक रामलाल मालवीय भाजपा में शामिल हो गये। इसी को देखते हुए कांग्रेस पार्टी द्वारा रविवार को वैदेही गार्डन में उनके शामिल होने का असर नहीं पडऩे को लेकर शक्ति प्रदर्शन किया जायेगा। इधर उज्जैन के भाजपा नगर लोक शक्ति कार्यालय पर ढाई सौ से अधिक कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

शनिवार को भाजपा ने अपना स्थापना दिवस मनाया। जैसा कि पूर्व में विदित था कि स्थापना दिवस पर प्रदेश सहित उज्जैन के कांग्रेसी भाजपा में शामिल हो सकते हैं, ऐसा ही हुआ। उज्जैन ग्रामीण के तीन बार के पूर्व विधायक रामलाल मालवीय अपने समर्थकों के साथ भोपाल में भाजपा में शामिल हो गये। मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उनको दुपट्टा ओढ़ाकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई।

इस अवसर पर उज्जैन ग्रामीण के विधायक सतीश मालवीय, राज्यसभा सांसद उमेशनाथजी महाराज आदि भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। इसी कड़ी में फ्रीगंज स्थित बीजेपी लोक शक्ति कार्यालय पर ढाई सौ से अधिक संख्या में कांग्रेस के युवा कार्यकर्ता जो ब्लॉक स्तर एवं मतदान केंद्र स्तर से जुड़े हैं, सभी ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

पार्टी पर लोगों का विश्वास बढ़ा- विवेक जोशी

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष विवेक जोशी ने कहा भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद पर आधारित पार्टी है। हमारे लिए राष्ट्र प्रथम है। यहां व्यक्ति पूजा नहीं बल्कि देश हित के काम किए जाते हैं । इसलिए इस पार्टी में लोगों का विश्वास बढ़ा है और आप सभी लोगों ने पार्टी में विश्वास व्यक्त करते हुए सदस्यता ग्रहण की ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने कहा भारतीय जनता पार्टी संगठन के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार विकास एवं कल्याण के काम कर रहे हैं, इसको देखते हुए कई कांग्रेसी भाजपा में शामिल हो रहे हैं । कार्यक्रम को महापौर मुकेश टटवाल, निगम सभापति कलावती यादव ने भी संबोधित किया ।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष हेमंत वर्मा, परेश कुलकर्णी, पप्पू जाट, अजय तिवारी, विजय चौधरी, नितिन गौड़, मनीष चौहान, जितेंद्र कुमावत, राजकुमार बंसीवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को भाजपा कार्यालय में लाइव और सदस्यता ग्रहण करवाई । कार्यक्रम में नगर उपाध्यक्ष जॉइनिंग प्रभारी धनंजय शर्मा, संजय ठाकुर, महामंत्री सत्यनारायण खोईवाल उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन नगर महामंत्री संजय अग्रवाल ने किया। जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा ने दी ।

रामलाल के साथ यह हुए शामिल

पूर्व विधायक रामलाल भी मालवीय, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष बहादुरसिंह पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष रमेश गनावा, ब्लाक अध्यक्ष विजयसिंह बरखेड़ा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आदमसिंह पटेल, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सचिन पाटनी, पूर्व ब्लॉक अध्चक्ष हाकमसिंह पटेल, पूर्व महामंत्री एवं उपाध्यक्ष कैलाश जाट, पूर्व महामंत्री विक्रमसिंह सुराला, पूर्व महामंत्री जितेन्द्र शिंदे, पूर्व सरपंच पर्वतसिंह पटेल, पूर्व सरपंच संदीप बोरमुंडला, पूर्व जनपद अध्यक्ष भारतसिंह पंवार, पूर्व सरपंच बाबूसिंह रामगढ़, पूर्व सचिव नितिन शर्मा, सरपंच पदमसिंह दरबार, ब्लॉक महामंत्री लाखनसिंह मोहनपुरा, जनपद सदस्य बहादुरसिंह मीणा, मंडल अध्यक्ष भारतसिंह आंजना, संदीप गनावा, संदीप पटेल आदि।

अपने विश्वस्तों को भी नहीं होने दी सूचना

काफी समय से यह बात चल रही थी कि भाजपा के स्थापना दिवस पर उज्जैन से भी कई कांग्रेसी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। पूर्व विधायक रामलाल मालवीय भी भाजपा में शामिल होना चाहते थे। किसी को इसकी भनक न लगे इसलिये उन्होंने अपने खास से खास व्यक्ति को भी इस बात की सूचना नहीं होने दी कि वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। शहर में इस बात की चर्चा चल रही है कि किसी को भी कानोंकान उनके भाजपा में शामिल होने की जानकारी नहीं मिल पाई।

Next Post

विक्रम व्यापार मेले: 9 अप्रैल के बाद नहीं मिलेगी मोटरयान कर में 50 प्रतिशत की छूट

Sun Apr 7 , 2024
सभी वाहनों का मोटरयान कर 9 अप्रैल तक जमा कराना अनिवार्य उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन विक्रम व्यापार मेले में विक्रय होने वाले समस्त वाहनों का मोटरयान कर सभी वाहन विक्रेताओं को9 अप्रैल की मध्य रात्रि 12 बजे के पूर्व तक भरना अनिवार्य है। मेला अवधि के पश्चात किसी भी वाहन के […]
व्यापार मेले