धार जिला पंचायत में लॉटरी से अध्यक्ष बने सरदार मेडा, उपाध्यक्ष संगीता पटेल

बहुमत दोनों को नहीं मिला, भाजपा ने जमाया कब्जा

धार, अग्निपथ। जिला पंचायत के नए मुखिया यानि सरदार शक्रवार से मेड़ा हो गए हैं। अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन के दौरान उनके नाम अध्यक्ष पद की लॉटरी खुली है। इधर उपाध्यक्ष पद की लॉटरी भी भाजपा उम्मीदवार संगीता पटेल के नाम खुली। दोनों पदों पर पार्टी उम्मीदवारों की जीत के बाद भाजपा में जश्न का माहौल हो गया है। निर्वाचन स्थल से लेकर भाजपा कार्यालय तक करीब डेढ़ किलोमीटर तक भाजपाइयों ने ढोल-ताशों के साथ जुलूस निकालकर सडक़ों पर आतिशबाजी की है।

अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों दल बहुमत का आंकड़ा जुटाने में सफल नहीं हो पाए। अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान की प्रक्रिया में दोनों दलों को समान रूप से 14-14 वोट हासिल हुए है। इस तरह की स्थिति आने के बाद ‘डब्बे में नामों की पर्ची’ डाली गई।

नन्हीं बालिकाओं के हाथों पर्चियां निकाली गई। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए सरदारसिंह मेड़ा का नाम खुला है। इधर उपाध्यक्ष के निर्वाचन के दौरान भी समान मत होने पर पर्ची सिस्टम से नाम निकाला गया। इसमें भी भाजपा की संगीता हेमसिंह पटेल की किस्मत खुली है।

1 जीत से दूसरे परिणाम तक बजे ढोल

शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से जिला निर्वाचन अधिकारी व पीठासीन अधिकारी डॉ पंकज जैन के माध्यम से अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया की गई। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी के नाम की लॉटरी खुलने की सूचना के बाद बेरिकेड्स के बाहर मौजूद भाजपाईयों ने जय श्रीराम के नारे लगाना शुरु कर दिए।

इधर कुछ कांग्रेसियों ने प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। हालांकि लॉटरी के माध्यम से किस्मत खुलने की जानकारी के बाद कांग्रेसी पीछे हो गए और भाजपाईयों ने फ्रंट संभाल लिया। ढोल-ताशे बुलवाए गए और जश्न का माहौल शुरु हो गया। उपाध्यक्ष पद के परिणाम घोषित होने तक करीब पौन घंटे तक निर्वाचन स्थल के बाहर भाजपा कार्यकर्ता हुजूम के रूप में डटे रहे।

अध्यक्ष को लाद दिया फूलों से

निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात पीठासीन अधिकारी डॉ जैन ने किस्मत के धनी उम्मीदवारों को विजेता होने के प्रमाण पत्र दिए। इसके बाद अध्यक्ष बने सरदार मेड़ा और उपाध्यक्ष सहित सदस्य जैसे ही प्रांगण से बाहर निकले कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलों से लाद दिया। करीब आधे घंटे तक स्वागत और बधाई का दौर चलता रहा। इधर कलेक्टर परिसर से लेकर भाजपा कार्यालय तक जुलूस के रूप में कार्यकर्ता भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाते हुए निकले।

किस्मत के धनी रहे मेड़ा

गंधवानी विधानसभा क्षेत्र से दो मर्तबा चुनाव हार चुके सरदार मेड़ा की किस्मत जिला पंचायत में वार्ड सदस्य का अधिकृत उम्मीदवार घोषित करने से ही खुल गई थी। इसके बाद भाजपा ने अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाकर उनके किस्मत का धनी होने की मोहर लगा दी। शेष कार्रवाई लॉटरी से पूर्ण हो गई। सरदार मेड़ा को भाजपा से बार-बार अवसर इसीलिए मिल रहा है कि सरदार भाजपा ताने-बाने के अनुसार रचे बसे ईमानदार आदिवासी नेता हैं।

दत्तीगांव की साख थी दांव पर

जिला पंचायत चुनाव में भाजपा के मंत्री राजवर्द्धनसिंह दत्तीगांव की साख भी दाव पर लगी हुई थी। मंत्री होने के नाते जिला पंचायत पर भाजपाई परचम लहराना महत्वपूर्ण हो गया था। निर्दलीय कपिल सोलंकी को भाजपा के पक्ष में लाकर पहली सफलता मिल गई थी। इधर लॉटरी से निकले अध्यक्ष-उपाध्यक्ष ने मंत्री की साख को कायम रखा है। वहीं बदनावर नगर पंचायत अध्यक्ष और बहुमत से पार्षदों के निर्वाचित होने सहित जनपद में भी भाजपा को जीताकर जिले से मंत्री पद की उपस्थिति सार्थक हो गई है।

यादव को राहत

शुक्रवार को जिला पंचायत में भाजपा की जीत के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव यादव को राहत मिल गई है। जिलाध्यक्ष पद पर काबिज होने के बाद से उनकी छवि को खराब करने की लगातार कोशिशें हो रही थी। पंचायत चुनाव में भी उन पर मनमानी सहित कई आरोप लगे। इन सबके बीच यादव ने सभी चुनावों में बेहतर परिणाम भाजपा के खाते में दर्ज करवाकर विरोधियों को जवाब दिया है।

जिले की साढ़े 500 के लगभग पंचायतों में भाजपा समर्थित सरपंच बने है। वहीं 10 जनपदों सहित दो नगर निकायों बदनावर और मांडू में भाजपा विजयी हुई है। शुक्रवार को जैसे ही जिला पंचायत के परिणामों की घोषणा हुई कार्यकर्ताओं ने युवा जिलाध्यक्ष को कांधों पर उठा लिया और जिंदाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिए।

जिलाध्यक्ष का कार्यकाल समाप्ति की और है और परिणामों ने उनके बेहतर नेतृत्व पर मोहर लगाई है।

कांग्रेस एकजुट दिखी: सिंघार

चुनाव परिणाम के बाद एआईसीसी सचिव व गंधवानी विधायक उमंग सिंघार ने कहा कि जिला पंचायत मत से नहीं हारे है। सभी कांग्रेस के छोट से छोटे कार्यकर्ता की भावनाओं को ध्यान में रखकर पूरी ताकत से पूरे जिले की कांग्रेस को एकजुट कर यह चुनाव लड़ा गया। कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्यों ने भी पूरी ताकत के साथ एक मत होकर कांगे्रेस उम्मीदवारों को मतदान किया। अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों को 14-14 बराबर मत मिले व गोटी डलने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी पराजित हुआ। इस पूरे चुनाव में संपूर्ण जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता व नेता एकजुट नजर आए।

Next Post

पीडि़ता ने कथन बदले लेकिन डीएनए रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर दोषी को मिली सजा

Fri Jul 29 , 2022
देवास, अग्निपथ। विशेष सत्र न्यायालय ने दुष्कर्म के मामले में आरोपित किशनलाल राठौर को पाक्सो एक्ट में दोषी पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। पीडि़ता के पक्ष विरोधी होने के बाद भी वैज्ञानिक साक्ष्य (डीएनए रिपोर्ट) के आधार पर न्यायालय ने सजा दी है। प्रकरण में आरोपित एवं […]