दबंग और दबंगई पर सभा स्थल पर भारी पड़ गया जलवा

Unhel jalwa BJYM 080122

युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष ने इशारों में कहा पार्टी से ऊपर कोई नहीं

उन्हेल, अग्निपथ। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त उज्जैन जिला अध्यक्ष नरेंद्रसिंह सोलंकी जलवा का प्रथम आगमन शुक्रवार को हुआ तो युवाओं में जमकर जोश देखा गया। कई सालों बाद उन्हेल की सडक़ों पर ऐसा नजारा देखा गया।

पूर्व में आधा दर्जन से अधिक जिला अध्यक्षों का आगमन हुआ पर ऐसा स्वागत और ऐसी होर्डिंग वार नहीं देखी। कार्यकर्ताओं में भी इतना उत्साह पहले नजर नहीं आया। छोटे से मार्ग से होकर मोर्चा के जिला अध्यक्ष कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे लेकिन इस बीच कई मंचों से उनका स्वागत हुआ।

मंच पर भाजपा को मजबूत करने को लेकर कार्यकर्ताओं को संदेश दिया गया। इसी बीच युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष को दबंग बताया गया। जब जिला अध्यक्ष नरेंद्रसिंह सोलंकी जलवा ने अपना भाषण शुरू किया तो इस दौरान दबंग वाली बात पर इशारों-इशारों में क्षेत्र के एक पूर्व जनप्रतिनिधि का हश्र बयां करते हुए जता दिया कि पार्टी से ऊपर कोई नहीं है।

अपने भाषण में जलवा ने दबंग की बात को लेकर कहा कि दबंग और दबंगई की बात नहीं की जाए, यह भाजपा है। पार्टी में दबंगई चलती नहीं है। उन्होंने यह बात इशारे इशारे में वहां तक भेज दी, जहां पर यह जाना चाहिए थी। यह सुनकर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जमकर तालियां बजाई। युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष के दबंग वाले सवाल की जवाबी कार्रवाई से भाजपाइयों में जमकर चर्चा है।

मैराथन दौड़ को लेकर असमंजस

जनवरी को स्वामी विवेकानंद को लेकर मैराथन दौड़ उन्हेल में युवा मोर्चा के सानिध्य में लगभग 5 किमी की होना है इसके लिए उन्हेल का चयन किया गया है। पार्टी गाइड लाइन में इसको लेकर अभी कुछ तय नहीं हुआ है। ऐसे में इस कार्यक्रम को लेकर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति है।

आधा दर्जन दावेदार सामने आए

भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष के प्रथम उन्हेल आगमन पर युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष को लेकर करीब आधा दर्जन दावेदारों के नाम भाजपा युवा मोर्चा के बीच चल पड़े हैं। जितने स्थानों पर स्वागत हुआ वहां पर कहीं ना कहीं दावेदारों के नाम सुनने को मिल रहे हैं। वही जिले की कार्यकारिणी में पद पाने के लिए जोर आजमाइश भी शुरू हो गई है। इस बार युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में जो उत्साह देखा जा रहा है उसका फायदा भाजपा को आगामी चुनाव में मिलेगा।

Next Post

बदनावर के खेरवास के पास करीब 65 एकड़ भूमि में स्थापित होगा बड़ा सोयाबीन प्लांट

Sat Jan 8 , 2022
मुख्यमंत्री वर्चुअली जुडक़र करेंगे भूमिपूजन, उद्योग मंत्री राजवर्धन दत्तीगांव रहेंगे उपस्थित बदनावर, अग्निपथ। प्रदेश के उद्योग मंत्री व क्षेत्रीय विधायक राजवर्धन सिंह दत्तीगांव रविवार को अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में क्षेत्र को बड़े उद्योग के रूप में सौगात देने जा रहे है। खेरवास के पास सोयाबीन प्लांट का भूमिपूजन 9 […]