शिव ज्योति अर्पणम् महोत्सव में महाशिवरात्रि पर कुल 21 लाख दीपक जलेंगे

महाकाल की नगरी में, गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड की टीम उज्जैन आई

उज्जैन, अग्निपथ। भगवान महाकाल की उज्जैन नगरी में शिवरात्रि के अवसर पर 21 लाख दीप जलाए जाएंगे। इसके लिए 1 मार्च को शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। शिप्रा नदी के तट पर 13 लाख दीये जलाने के लिए 120 सेक्टर बनाए गए हैं।

इसके लिए 17000 स्वयंसेवकों को जिम्मेदारी दी जा रही है। यहां लगभग 2 लाख श्रद्धालु मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इसमें शामिल होंगे। पूरा कार्यक्रम जीरो वेस्ट पर आधारित होगा।

बताया जाता है कि शिप्रा के तट पर सभी दीये 5 मिनट में जलने चाहिएं तभी वह रिकॉर्ड में दर्ज होगा। गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड की टीम उज्जैन आ चुकी है। पिछले साल अयोध्या में एक साथ 9.41 लाख दीप प्रज्वलित कर रिकॉर्ड बनाया गया था ।

उज्जैन में बाहर से आए श्रद्धालु इस महोत्सव को सिर्फ देख सकेंगे। दीये सिर्फ पंजीकृत लोग ही जला सकेंगे। इसके लिए पूरी व्यवस्था की गई है। ब्लॉक और सेक्टर बनाए गए हैं। इसमें शामिल रहने वाले श्रद्धालुओं को विशेष पहचान पत्र भी दिया जाएगा। यह पूरा एरिया 2 किलोमीटर का है।

पूरे प्रदेश से बुलाए गए दीये

बताया जाता है कि महाकालेश्वर मंदिर परिसर में 51 हजार दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे। इन्हें रिकॉर्ड में शामिल नहीं किया जाएगा। शिप्रा तट के अतिरिक्त नगर के देवस्थल महाकाल मंदिर मंगलनाथ मंदिर, काल भैरव मंदिर, गढ़ कालिका, सिद्धवट, हरसिद्धि मंदिर सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर दीप जलाए जाएंगे। नगर के नागरिक भी अपने घरों पर 55 दीपक जलाएंगे।

इसके लिए उज्जैन नगर निगम के माध्यम से संकल्प पत्र भी भरे गए हैं। बताया जाता है कि दीपावली के बाद इतनी बड़ी संख्या में दीप जलाएंगे। इसके लिए पूरे प्रदेश से दीपक बुलाए गए हैं।

जीरो वेस्ट को बनाया लक्ष्य

बताया जाता है कि सीएम शिवराज के निर्देश पर शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव जीरो वेस्ट को लक्ष्य बनाकर इसकी रूपरेखा बनाई गई है। स्वयं सेवकों के क्यूआर कोड ऐप के माध्यम से रीसायकल पेपर से बनाए जाएंगे। महोत्सव के बाद दीपक का होम कंपोस्टिंग, मटके, कुल्लड़ा बनाने में उपयोग किया जाएगा। कार्यक्रम पश्चात बचे हुए तेल का गौशाला आदि में इस्तेमाल किया जाएगा। तेल की खाली बोतलों का बीपी प्रक्रिया के माध्यम से दोबारा उपयोग होगा। मोमबत्ती को जलाने के लिए पेपर मैच बॉक्स का इस्तेमाल किया जाएगा।

Next Post

परिणय दर्पण जोड़ेगी रिश्ते अब परिणय के लिए सम्मेलन की तैयारी में जुटा समाज

Sun Feb 27 , 2022
राजपूत समाज के परिचय सम्मेलन में शामिल हुए हजारों समाजजन, उच्च शिक्षित युवक-युवती भी आगे आए उज्जैन, अग्निपथ। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में राजपूत समाज का 28 वां राष्ट्रीय युवक युवती परिचय सम्मेलन रविवार सुबह 11 बजे से संकुल हाल, कालिदास अकादमी, कोठी रोड, उज्जैन में सम्पन्न हुआ। […]