टोल की बात को लेकर करणी सेना का टोलकर्मियों से विवाद, नाके पर तोडफ़ोड़

पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

शाजापुर, अग्निपथ। रोजवास जोड़ स्थित टोल प्लाजा पर आए दिन विवाद होते रहते हैं। रविवार रात करीब 10 बजे भी टोल टैक्स को लेकर करणी सेना के कार्यकर्ता और टोल कर्मचारियों का विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि बात मारपीट तक पहुंच गई और इस विवाद में करणी सेना के कार्यकर्ता को गंभीर चोंट आई है। जिससे आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने वहां हंगामा खड़ा कर दिया। रात करीब 2 बजे बाद विवाद शांत हुआ।

जानकारी के अनुसार करणी सेना के सोनू उर्फ राजेंद्र सोनगरा अपनी कार लेकर टोल प्लाजा से निकल रहा था। इस दौरान उसका टोल टैक्स को लेकर टोलकर्मियों से विवाद हो गया। टोलकर्मियों ने युवक सोनू से मारपीट कर दी। मारपीट में सोनू का सिर फट गया। इसके बाद विवाद अधिक बढ़ गया। मारपीट में घायल सोनू ने करणी सेना के अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।

जिसके बाद बड़ी संख्या करणी सेना के कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर आ गए। उनके चेहरे पर कपड़ा और हाथों में लाठी-डंडे थे। इसके बाद वे प्लाजा के काउंटर में घुसे और जमकर तोडफ़ोड़ की। टोल प्लाजा पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने करीब 3 घंटे तक बवाल किया। इस दौरान भीड़ जमा हो गई। वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी।

टोल स्टाफ पर आरोप लगाए

करणी सेना के कार्यकर्ता अजीतसिंह डोडिया का कहना है कि टोल कंपनी भारी भरकम टोल वसूलती है। कार्यकर्ता ने इसका विरोध किया तो टोलकर्मियों ने उसका अपहरण कर लिया। उसे जबरदस्ती शराब पिलाई फिर मारपीट की। हम स्टाफ से बात करने गए तो उन्होंने 20-25 लोगों को बुला लिया और मारपीट शुरू कर दी।

टोल के ब्रिजेंद्र सिंह चौहान ने 2 राउंड गोली चलाई। गाड़ी आती-जाती है तो टोलकर्मी 520 रुपए वसूलते हैं। करणी सेना के लोग टोलकर्मियों पर एफआईआर के लिए अड़े रहे। जब एफआईआर दर्ज हुई उसके बाद मामला शांत हुआ। मामले को लेकर मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी टीएस बघेल ने बताया कि रोजवास टोल पर पैसों के लिए टोलकर्मी और कार चालक के बीच विवाद हुआ। उसमें टोलकर्मियों ने चालक के साथ मारपीट की। घायल की शिकायत पर आरोपी टोलकर्मियों पर प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। फिलहाल एक पक्ष ने ही शिकायत कराई है।

देर रात हुआ मामला दर्ज, तब हटे करणी सैनिक

विवाद के दौरान वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी। जिससे वहां जाम की स्थिति बन गई थी। रात 1 बजे तक पुलिस अधिकारी करणी सेना के लोगों को समझाते रहे। मक्सी पुलिस ने करणी सेना के पदाधिकारी सोनू उर्फ राजेंद्र सोनगरा की शिकायत पर टोल कर्मचारी ब्रजेंद्र सिंह चौहान, एसके सिंह, सुधांशु गौड़, सुधांशु तिवारी, प्रशांत शर्मा सहित अन्य साथियों के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज का मामला दर्ज किया है। तब जाकर यातायात चालू हो सका।

करणी सेना ने ज्ञापन सौंपा, की प्रकरण वापस लेने की मांग; टोल-प्लाजा कर्मचारियों ने दूसरे दिन की शिकायत

एसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे करणी सैनिक।
एसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे करणी सैनिक।

रोजवास जोड़ टोल प्लाजा पर देर रात हुए विवाद के बाद सोमवार को टोल कर्मचारियों ने भी करणी सेना के खिलाफ शिकायती आवेदन दिया। जिसके बाद करणी सेना के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रकरण वापस लेने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि हम लोगों के खिलाफ झूठा प्रकरण दर्ज किया गया है। जबकि टोलकर्मियों ने संगठन के सदस्य का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की थी। करणी सेना ने चेतावनी दी है कि यदि हमारी मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

ट्रक कटिंग में लिप्त है टोल प्लाजा के कर्मचारी

करणी सेना के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा पर कार्यरत कुछ कर्मचारी ट्रक कटिंग की वारदातों में लिप्त हैं और यहां से गुजरने वाले ट्रकों की जानकारी यहां से दी जाती है। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि जिन वाहनों में महिलाएं बैठी रहती हैं उन वाहनों को ये लोग काफी देर तक रोके रखते हैं। जिनके खिलाफ कार्यवाही की जाना चाहिए।

Next Post

अधिकारियों से बोले आयुक्त, मुझे मालूम है कौन चला जाता है इंदौर

Mon May 1 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम के कामकाज में लगातार कसावट लाने की कोशिशों में जुटे आयुक्त रोशन कुमार सिंह ने सोमवार को अधिकारियों की अच्छी-खासी क्लास ले डाली है। निगम अधिकारियों की एक मीटिंग में आयुक्त ने यहां तक कह दिया कि मुझे सब मालूम है, कौन इंदौर निकल जाता है, […]
नगर निगम