250 से ज्यादा घोटाले हुए लेकिन केंद्र ने मप्र में ईडी – सीबीई को नहीं भेजा

मप्र में धार जिले से किया कांग्रेस महा सचिव प्रियंका गांधी ने चुनावी शंखनाद

धार-सरदारपुर, अग्निपथ। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के अभियान का शंखनाद पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने जिले के सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र के राजगढ़ से की। यहां जनसभा में प्रियंका ने प्रदेश और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा शासन बीते 18 साल में 250 से ज्यादा घोटाले हुए लेकिन यहां ईडी और सीबीआई नहीं आती। हमारे घर ईडी और सीबीआई को भेजा जाता है।

कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा में भाग लेने प्रियंका धार जिले के मोहनखेड़ा तीर्थ पहुंची। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले जैन तीर्थ मोहन खेड़ा के गुरु मंदिर में दर्शन पूजन किया। ट्रस्ट के सदस्यों से चर्चा की। इसके बाद सरदारपुर विधानसभा के राजगढ़ में मंडी क्षेत्र में शाहिद टंट्या मामा प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद वे सभा स्थल पहुंची। यहां उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। स्वागत भाषण सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने किया। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का मंच पर नेताओं ने भव्य स्वागत किया। सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने आदिवासी संस्कृति की वेशभूषा व टंट्या मामा के चित्र भेंट कर प्रियंका गांधी का स्वागत किया।

प्रदेश में राजा तो जा रहा है

प्रियंका गांधी ने सभा के दौरान कहा कि भाजपा की मोदी व शिवराज सरकार पर आरोप लगाते कहा कि जो-जो हम कहते हैं मोदी और भाजपा वहीं कहती है। वे बोलीं यहां आने पर कुछ युवाओं से पूछा कि हमारा प्रदेश कैसा है तो उन्होंने कहा कि यहां का राजा तो जा रहा है, इस बार हमारा वोट रोजगार पर डलेगा।

कृष्ण की तरह शिशुपाल का अंत करो

प्रियंका गांधी ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा बच्चियां, महिलाएं मध्यप्रदेश में लापता होती है। आदिवासी पलायन कर रहे हैं। अत्याचार हो रहे हैं। वीडियो वायरल हो रहे हैं। मनरेगा थी रोजगार मिल रहा था, बहनों से कहना चाहूंगी जिस तरह रुक्मणी जी ने श्री कृष्ण से अपने रथ की लगाम अपने हाथों में ले ली थी। बहनें भी आगे बढ़े तथा लगाम अपने हाथों में ले लो तभी तरक्की होगी।

आदिवासी परंपरा जीवित रखना होगा, लगाम संभालो अपना रथ चलाओ कौन सत्ता में आएगा यह तय करो। यहां राजनीतिक खिलवाड़ हो रहा है, अपना भविष्य बनाना है तो जाग जाओ और ऐसी सरकार लाओ जो आपकी हो। शिशुपाल का पाप का घड़ा भर गया है, अब कृष्ण भगवान की तरह बन जाओ और इनका अंत करो।

सभा के दौरान मनावर विधायक के खिलाफ नारेबाजी

राजगढ़ में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की रैली के दौरान मनावर से कांग्रेस के विधायक व जयस संरक्षक हीरालाल अलावा के विरोध में नारेबाजी हुई। दरअसल जिस वक्त मंच पर प्रियंका गांधी भाषण दे रही थी, उस वक्त मनावर से आए कांग्रेस के पदाधिकारी मीडिया गैलरी के समक्ष पहुंचे और हीरालाल अलावा के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी।

नारेबाजी के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी ने बताया कि इस बार विधानसभा चुनाव में यदि अलावा चुनाव लड़ते हैं तो कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ सकता है। मनावर से कांग्रेस के निर्वाचित विधानसभा अध्यक्ष भूपेंद्र सवनारा और पार्षद जिम्मी अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी।

इंदौरी नेताओं का मंच पर रहा दबदबा

मंच पर सभा के दौरान बैठने के लिए 120 सदस्यों की सूची तैयार की गई थी। इस सूची में अधिकांश इंदौरी नेताओं का नाम शामिल था। वहीं जिले के स्थानीय नेताओं को मंच पर स्थान नहीं मिल पाया। इस कारण जिले में कांग्रेस को जिंदा रखने के लिए जमीन पर मेहनत करने वाले नेता जमीन पर मौजूद नजर आए। जिले के बड़े नेताओं को मंच पर स्थान नहीं मिल पाया। इस कारण नेताओं में नाराजगी देखने को मिली।

ये नेता थे मौजूद

सभा के दौरान मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, शोभा औझा, पूर्व मंत्री बाला बच्चन, उमंग सिंघार, सुरेंद्र सिंह बघेल, सचिन यादव, जीतू पटवारी, कुणाल चौधरी सहित विधायक संजय शुक्ला, पांचीलाल मेड़ा, इंदौर ग्रामीण जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव, दीपू यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष बालमुकुंद गौतम, जिपं सदस्य मनोज गौतम, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष करीम कुरैशी, युकां शहर उपाध्यक्ष अभिनव बिंजवा, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष विजेता त्रिवेदी, इंदौर संभागीय प्रवक्ता रेवतीरमण राजूखेड़ी, शुभांगना राजे जामनिया, शहर कांग्रेस अध्यक्ष टोनी छाबड़ा, नपा राजगढ़ उपाध्यक्ष दीपक जैन सहित अन्य मौजूद थे।

Next Post

कष्टदायक के साथ जोखिम भरा हो गया बदनावर से उज्जैन तक का सफर

Thu Oct 5 , 2023
हाई-वे निर्माण में धूल भी कर रही परेशान बदनवार, (अल्ताफ मंसूरी) अग्निपथ। उज्जैन -बदनावर टू-लेन मार्ग के फोरलेन में तब्दील करने से भविष्य में यातायात सुगम बनेगा साथ ही कम समय में गंतव्य तक पहुंचने में राह आसानी होगी। किंतु वर्तमान में फोरलेन निर्माण से उज्जैन तक आने जाने का […]