मेरी यूरोप यात्रा : भाग-6; चर्च और मीनारों का शहर है प्राग

अर्जुनसिंह चंदेल

लगभग आधा टूर समाप्त होने को था वीडियो कोच में अब सदस्य, परिवार के हो चले थे। हिंदुस्तान से लाये गये खाद्य सामग्रियों के बंद पैकेट एक दूसरों के लिये खुलने लगे थे। कहीं गुजरात के थेपले, कहीं महाराष्ट्र का स्वाद, मालवा का नमकीन, इंदौर से अनुज ज्ञानेश गंगवार द्वारा लाये गये विशेष थेपलों के स्वाद ने सबका दिल जीत लिया। जाम से जाम टकराने लगे। बस का वातावरण पूरी तरह आनन्दमयी हो चला था। कार्लोवी वैरी में पैदल बहुत चलना पड़ा पैर जवाब दे रहे थे।

चेक गणराज्य बहुत सुन्दर देश है। प्रकृति ने अपना सर्वश्रेष्ठ इस देश को दिया है। प्राग में प्रवेश के पहले ही बड़ी-बड़ी नामी गिरामी औद्योगिक इकाईयां दिखायी देने लगी, सुंदर मकान, खूबसूरत फूल, यातायात परिवहन के ट्राम, मेट्रो, बसें सब कुछ एक साथ चलते हैं। बीच में मेट्रों, दोनों ओर सडक़ें और सडक़ों के साथ ही ट्राम।

बिल्कुल शांत शहर है प्राग ना कहीं कोलाहल ना धक्का-मुक्की ना ही वाहनों के हार्नों की आवाज। वर्ष 2019 के प्राप्त आँकड़ों के अनुसार चेक रिपब्लिक की राजधानी प्राग की जनसंख्या लगभग 13 लाख है और यह इस देश का सबसे बड़ा शहर है। प्राग समृद्ध इतिहास के साथ यूरोप का एक राजनीतिक, सांस्कृतिक और आर्थिक केन्द्र रहा है।

रोमन काल के दौरान स्थापित यह नगर कई पवित्र रोमन सम्राटों का मुख्य निवास स्थल था जिसमें मुख्यत: चाल्र्स चतुर्थ (1346-1378) शामिल थे प्राग ने दोनों विश्व युद्धों और युद्धों के बाद कम्युनिस्ट युग के यूरोपीय धर्मसुधार, तीस साल का युद्ध और 29वीं शताब्दी के इतिहास में चेकोस्लोवाक्यिा की राजधानी के रूप में प्रमुख भूमिका निभायी है।

प्राग वल्दावा नदी के किनारे स्थित है। इस शहर में सर्दियों में औसत तापमान शून्य तक पहुँच जाता है। नंवबर के मध्य से मार्च के मध्य तक हिमपात आम बात है और 8 इंच तक बर्फ जमा हो जाना सामान्य बात है। गर्मियों में तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच जाता है। यहाँ पर मात्र 20 इंच प्रतिवर्ष ही वर्म होती है।

प्राग पारंपरिक रूप से यूरोप के सांस्कृतिक केन्द्रों में से एक है, जहाँ कई सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं। यूरोपवासियों के लिये कम लागत वाली हवाई यात्राओं की वृद्धि के कारण प्राग एक लोकप्रिय सप्ताहांत शहर गंतव्य बन गया है। जिससे पर्यटक अपने कई संग्रहालयों और सांस्कृतिक स्थलों के साथ-साथ अपने प्रसिद्ध चेक बियर और भोजन कालुत्फ उठाते हैं। शहर में एडॉल्ज लॉस (विला म्युलर) फैंक ओ गहेरी (डांस हाऊस) और जीन नोवेल (गोल्डन एंजल) सहित कई प्रसिद्ध आर्किटेक्टस द्वारा बनाये गये भवन हैं।

एक करोड़ की आबादी वाले दुनिया के सबसे ज्यादा सुरक्षित और सासर देश जिसमें बेरोजगारी मात्र 2 प्रतिशत है अर्थात 1 करोड़ की आबादी में मात्र 2 लाख लोग ही बेरोजगार है। मात्र 77 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल वाले चेक रिपब्लिक के लोग स्वास्थ्य के प्रति बेहद जागरूक है काँच और पपेट (कठपुतलियों) के साथ बीयर के जबर्दस्त शौकीन है यहाँ के लोग 2-3 लीटर बीयर एक बार में पी जाते हैं। भावुक लोगों के शहर प्राग में अपराध का औसत शून्य है।

यह चर्च और मीनारों का शहर है शहर में चर्च के ऊपर 500 से अधिक मीनारें हैं। दुनिया के सबसे खूबसूरत शहरों में से एक प्राग में फुटबाल और आईस हॉकी बहुत खेला जाता है। जब हम शहर घूमने निकले तो सेन्ट्रल यूरोप का सबसे पुराना विश्वविद्यालय देखने को मिला जिसका नाम चाल्र्स है और इसकी स्थापना सन् 1348 में हुयी थी।

प्राग में केसल्स भी बहुत है। विश्व प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ी मार्टिना नवरातिलोवा भी प्राग की ही रहने वाली है। दुनिया भर में प्रसिद्ध ‘स्कोडा’ गाडिय़ों का उत्पादन यहां होता है और इसका मुख्यालय प्राग में। प्राग की सुंदरता मंत्रमुग्ध कर देने वाली थी। वीडियो कोच में पीछे बैठा नवजवान साथियों का झुंड आपस में फुसफुसा रहा था कि ‘पोर्न’ फिल्मों में काम करने वाली ज्यादातर हीरोइन प्राग से ही है। और भी बहुत कुछ कानाफूसी चल रही थी जिसका जिक्र कल के अंक में…

Next Post

महापौर का शहर वासियों को आमंत्रण : सीधा संवाद, शहर विकास में आप हो साथ

Mon Apr 17 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ (एनएन शर्मा)। क्या आप नगर विकास में अपना बहुमूल्य समय एवं योगदान देना चाहते हैं? क्या आप उज्जैनी को एक स्वच्छ एवं सुंदर नगर बनाना चाहते हैं? क्या आप अपने विचार मार्गदर्शन से नगर विकास में सहभागी बनना चाहते हैं? क्या आप शहर की यातायात व्यवस्था से परेशान […]
mukesh tatwal