पत्रिका बांटकर लौट रहे युवक को वाहन ने कुचला, मौत

8 दिन बाद होना थी शादी, दोस्त की हालत गंभीर

उज्जैन, अग्निपथ। अपनी शादी की पत्रिका बांटने आया युवक बीती रात दोस्त के साथ शाजापुर लौट रहा था। मक्सीरोड पर अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार कर कुचल दिया। मौके पर युवक की मौत हो गई। दोस्त गंभीर घायल हुआ है। सूचना मिलने पर रात में ही परिवार जिला अस्पताल पहुंच गया था।

पंवासा थाना पुलिस ने बताया कि ग्राम हरसोदन में रात 11 बजे के लगभग अज्ञात वाहन द्वारा बाइक सवार 2 युवको को टक्कर मारने की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां एक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल से जानकारी लेने पर सामने आया कि मृतक संतोष पिता गंगाराम (24) निवासी ग्राम मोल्टा केवड़ी शाजपुर है। उसने अपना नाम गौतम बताया।

पुलिस ने रात में परिजनों को सूचना दी। 2 घंटे बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंच गये थे। जिन्होने बताया कि संतोष की 19 अप्रैल को शादी है। परिवार तैयारी में लगा हुआ है। संतोष उज्जैन मौसी के यहां शादी की पत्रिका देने आया था। जहां से वापस शाजापुर आ रहा था। गौतम के परिजन भी उज्जैन पहुंच गये थे। उसकी हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिये निजी अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से वाहन की तलाश की जा रही है।

क्षिप्रा नदी से मिला वृद्ध महिला का शव

क्षिप्रा नदी दत्त अखाड़ा घाट से बुधवार सुबह एक वृद्ध महिला का शव पुलिस ने बरामद किया है। वृद्ध महिला की डूबने से मौत होना सामने आया है। महाकाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखा है। वहीं उसकी शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे। पुलिस ने आशंका जताई है कि नहान के दौरान वृद्धा डूबी है। आसपास के जिलों से गुमशुदा वृद्ध महिला के संबंध में जानकारी मांगी गई है। शिनाख्त नहीं होने पर गुरूवार को पोस्टमार्टम के बाद शव दफना दिया जाएगा।

नाले में गिरने से युवक की मौत

नीलगंगा थाना क्षेत्र के शांतिनगर नाले में गिराने से बुधवार दोपहर युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक शिवा पिता हीरालाल माली (30) निवासी शास्त्रीनगर का रहने वाला है। परिजन जानकारी लगने पर मौके पर पहुंचे। उन्होने बताया कि शिवा को मिर्गी का दौरा पड़ता था। संभवत: नाले के पास से गुजरते समय दौरा पडऩे से गिरने पर उसकी मौत हुई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है।

Next Post

बदमाशों का 2 मकानों पर धावा चोरी किये लाखों के आभूषण

Wed Apr 10 , 2024
ग्राम सदावल में हुई वारदात, सुराग तलाशने में लगी पुलिस उज्जैन, अग्निपथ। बीती रात बदमाशों ने दो सूने मकानों पर धावा बोला और लाखों के आभूषण चोरी कर लिये। बदमाश की आहट सुनकर आसपास के लोग जागे तो बदमाश भाग निकले। जिनकी संख्या 4 से 5 के लगभग थी। रात […]
Tala toda