ई रिक्शा चालकों ने नये रूट का किया विरोध, रूट स्थगित किये जाने की मांग

असंगठित ई रिक्शा चालक ने कलेक्टर के नाम दिया ज्ञापन

उज्जैन, अग्निपथ। प्रशासन द्वारा शहर को जाम से मुक्त कराने के लिये ई रिक्शा के रूट तय करने के पहले शुक्रवार को ईरिक्शा चालक कलेक्टर कार्यालय पहुंच गये और उन्होंने इस नये रूट का विरोध कर दिया। हालांकि उनका धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। उनकी एक ही मांग थी कि रूट को न बदला जाय।

शुक्रवार को एक हजार के करीब ईरिक्शा चालक असंगठित ई रिक्शा चालक परिचालक संघ के बैनर तले कोठी पैलेस स्थित प्रशासनिक संकुल भवन के बाहर एकत्रित हो गये। उन्होंने यहां पर बैठक कर इस नये रूट का विरोध कर दिया।  आज नये रूट के लिये फार्म भरने की अंतिम तिथि थी। इसके बाद ईरिक्शा चालकों को रूट आवंटित किये जाने हैं। असंगठित ई रिक्शा चालक परिचालक संघ ने अपर कलेक्टर को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।

अध्यक्ष बल्लू सिंह ठाकुर ने बताया कि 24 अप्रैल को सड़क सुरक्षा समिति की एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें शहर के यातायात को लेकर विभिन्न निर्णय लिये गए, जिसमें ई रिक्शा को 06 झोनों में निर्धारित किया जाकर मार्ग तय किये गए। जो कि संघ की दृष्टि से सही नहीं हैं। भविष्य में उक्त निर्णय से ई रिक्शा चालक परिचालकों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पडेगा। जो कि एक मनमानी कार्रवाई है।

शहर के यातायात को ध्यान में रखते हुए ई रिक्शाओं की संख्या जो कि जरूरत से ज्यादा हैं और नवीन ई रिक्शा उज्जैन शहर में खरीदी पर रोक लगाई जाए। जिस तरह शहर सुरक्षा समिति ने ई रिक्शा के रूट तय किये हैं उस मान से पूर्व में टेम्पो संचालित होते थे, जिनके स्थान पर मैजिक गाड़िया संचालित होती है। जो कि अपने निधारत मार्गों पर ना चलते हुए मात्र उज्जैन दर्शन में ही संचालित की जाती हैं। जबकि ई रिक्शा थी व्हीलर वाहन हैं। ई रिक्शा का झोन मय रूट तय किया गया हैं। इस प्रकार आटो रिक्शा का कोई रूट तय नहीं किया गया हैं।

नया रूट स्थगित किये जाने की मांग

कलेक्टर के नाम ज्ञापन देकर असंगठित  ई रिक्शा चालक संघ ने मांग की है कि बनाए गए रूट को जल्द से जल्द स्थगित किया जाए। रूट का निर्णय लेने के पहले ई रिक्शा संघ व एसोसिएशन के किसी भी प्रतिनिधि को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में प्रतिनिधि के रूप में सम्मिलित नहीं किया गया।

ई रिक्शा चालकों को शहर के अंदर झोन वाईज स्टेण्ड बनाकर दिए जाएं जिससे शहर का यातायात सुचारू रूप से चले। बनाए हुए रूट को स्थगित नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में संगठन द्वारा प्रदर्शन कर आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन मे विशेष रूप से भारतीय मजदूर संघ के आगर उज्जैन विभाग प्रमुख सतीश शर्मा, असंगठित प्राइवेट ट्रांसपोर्ट संघ के जिला अध्यक्ष बाबू भाई, वरिष्ठ लक्ष्मीनारायण रजक, बिजली विभाग के आनंद शिंदे, राज्य कर्मचारी संघ मनोहर गिरी, अशोक गोमे, संजय चौहान सहित बड़ी संख्या में ई रिक्शा चालक उपस्थित थे।

इनका कहना

कई ईरिक्शा चालकों ने शुक्रवार को आकर नया रूट फार्म भरा है। प्रदर्शन कर रहे ईरिक्शा चालकों को समझाइश दी गई है। ताकि उनकी सभी की पर्याप्त आय हो सके। –संतोष मालवीय, आरटीओ उज्जैन

Next Post

नगरनिगम ने चौड़ीकरण के चलते दो तालाब स्थित बैडमिंटन कोर्ट की चाबी कब्जे में ली

Fri Apr 26 , 2024
महाकालेश्वर दरबार खेल संकुल के नाम से संचालित प्रशिक्षण केंद्र हुआ बंद, सैकड़ों खिलाड़ी मायूस उज्जैन, अग्निपथ। दो तालाब के पास बने श्री महाकालेश्वर दरबार खेल संकुल नाम से संचालित बैडमिंटन कोर्ट में अब खिलाड़ी प्रशिक्षण नहीं ले पायेंगे क्योंकि नगरनिगम से इसकी चाबी अपने कब्जे में ले ली है। […]