मप्र के सभी शहरों में शनिवार शाम से सोमवार सुबह तक लॉकडाउन

भोपाल। मध्य प्रदेश के सभी शहरों में शुक्रवार शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन का फैसला। राज्य में कोरोना के बढ़ते केसों के चलते यह फैसला लिया गया है। राज्य में सिर्फ शहरी क्षेत्रों में ही यह फैसला लागू होगा। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शुक्रवार को शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक प्रदेश के सभी शहरों में लॉकडाउन लागू रहेगा। इसके अलावा भविष्य में कुछ और सख्तियां भी लागू की जा सकती हैं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की मीटिंग के बाद उन शहरों को लेकर फैसले लिए जाएंगे, जहां केसों की रफ्तार अन्य क्षेत्रों के मुकाबले अधिक है।

एक दिन पहले किया था नाइट कर्फ्यू का ऐलान

इससे पहलेे बुधवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ने के चलते राज्य के सभी शहरी इलाकों में 8 अप्रैल से नाइट कर्फ्यू लगाने की घोषणा की थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में आगामी तीन महीनों तक हफ्ते में पांच दिन (सोमवार से शुक्रवार) ही कामकाज होगा। इस बारे में शिवराज सिंह चौहान ने खुद ट्वीट किया था, जिसमें लिखा था, ‘कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण की रोकथाम के लिए आज बैठक में कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में आगामी 3 महीने तक सप्ताह में 5 दिन (सोमवार से शुक्रवार), सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ही कामकाज होगा। शनिवार-रविवार को ये बंद रहेंगे।’

मध्य प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले

मध्य प्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 4,043 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 3,18,014 तक पहुंच गई। राज्य स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटों में इस महामारी से प्रदेश में 13 और व्यक्तियों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक इससे मरने वालों की संख्या 4,086 हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बुधवार को कोविड-19 के 866 नये मामले इंदौर में आये, जबकि भोपाल में 618 नये मामले सामने आए।

सभी शहरों में संडे लॉकडाउन, सरकारी दफ्तर 5 दिन ही खुलेंगे

प्रदेश में 7 अप्रैल तक एक्टिव केस की संख्या 27 हजार से ज्यादा हो चुकी थी। जबकि कोरोना की पहली लहर में एक्टिव केस का आंकड़ा 21 हजार से आगे नहीं बढ़ पाया था। राज्य सरकार ने मध्य प्रदेश के सभी शहरों में संडे लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है। सभी सरकारी दफ्तर अगले 3 महीने तक सप्ताह में केवल 5 दिन ही खुलेंगे। इनकी टाइमिंग सुबह 10 से शाम 6 बजे तक रहेगी। शनिवार और रविवार दफ्तर पूरी तरह बंद रहेंगे। प्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों में आज गुरुवार से अगले आदेश तक रोजाना रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। छिंदवाड़ा जिले में रात 8 बजे से अगले 7 दिन तक टोटल लॉकडाउन रहेगा।

CM शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार शाम को आपात बैठक में चर्चा के बाद यह फैसला लिया। बैठक में यह भी तय किया गया कि क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की सहमति लेकर कलेक्टर शहरी क्षेत्र में रविवार के अलावा शनिवार को भी लॉकडाउन का आदेश जारी कर सकते हैं। प्रदेश के अधिक संक्रमित शहरी क्षेत्रों में कंटेनमेंट ज़ोन बनाए जाएंगे कंटेनमेंट एरिया में 7 से10 दिन तक का लाॅकडाउन लगाया जा सकेगा।

12 फीसदी पर संक्रमण दर, छोटे शहरों में भी 100 से अधिक केस

पिछले 24 घंटे में रिकाॅर्ड 4,043 पॉजिटिव केस मिले हैं। हालात बिगड़ने का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि पॉजिटिविटी रेट 12% पहुंच गया है। मौतों का आंकड़ा 4086 हो गया है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर के बाद अब बड़वानी, उज्जैन और उमरिया में 100 से अधिक केस मिले हैं।

Next Post

IPL 2021: कल से होगा आगाज, कब, कहां और कैसे देखें मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग और लाइव टेलिकास्ट

Thu Apr 8 , 2021
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट का कुंभ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें सीजन का आगाज 9 अप्रैल से हो रहा है। पहला मैच पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच शुक्रवार को चेन्नई के एम चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। लगातार दो बार आईपीएल के […]
IPL 2021 MI RCB