कांग्रेस के स्थापना दिवस पर बवाल : कांग्रेस की फजीहत के बाद वरिष्ठ नेता समझौते की करने लगे कोशिश

शहर कांग्रेस अध्यक्ष सोनी की शिकायत भोपाल पहुंची, नेता घटनाक्रम से हुए नाराज

उज्जैन, अग्निपथ। शहर कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा कांग्रेस स्थापना दिवस पर कांग्रेस की फजीहत कराने से कांग्रेस नेता नाराज है। अब दोनों ही पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश करने लगे हैं। वहीं पूरे घटनाक्रम से प्रदेश कांग्रेस कमेटी को अवगत कराया गया है। इससे प्रदेश के वरिष्ठ नेता भी नाराज हो गए हैं।

बताया जाता है कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश सोनी द्वारा सार्वजनिक रूप से अपने दो ब्लाक अध्यक्षों और एक महिला नेत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी किए जाने की शिकायत मेल से प्रदेश कांग्रेस कमेटी की गई है। मेल पहुंचने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने मामले की जानकारी लेकर नाराजगी जताई। अब इस मामले में दोनों ही पक्षों को एक जाजम पर बैठाकर विवाद को सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।

इस संबंध में पूर्व विधायक बटुकशंकर जोशी का कहना है कि वे मंदसौर का काम देख रहे हैं। स्वास्थ्य भी ठीक नहीं है। इसलिए शहर कांग्रेस के कार्यक्रम में कुछ देर के लिए गया था। विवाद की जानकारी मिली है, दोनों ही पक्षों को समझाने के लिए बैठक बुलाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में दोनों पक्षों से कांग्रेस के हित में काम करने की बात कही जाएगी। महेश सोनी मुझे राजनीतिक गुरु बता रहे हैं। परन्तु में उन्हें कोई सलाह नहीं देता हूं। वे अपनी मर्जी से इस तरह का बर्ताव कर रहे हैं।

आत्मसम्मान के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं

इस संबंध में ब्लाक अध्यक्ष श्रवण शर्मा का कहना है कि वे 82 -83 से कांग्रेस में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। बटुकशंकर जोशी के लिए उस समय काम किया था। महेश सोनी जो आरोप लगा रहे हैं, वे गलत हैं। माया त्रिवेदी 2005 से राजनीति में सक्रिय रुप से काम कर रही हैं। मैं उनके पहले से काम कर रहा हूं। बटुक शंकर जोशी और माया त्रिवेदी कांग्रेस नेता हैं। उनके लिए काम करना कहां से गलत हो गया।

दोनों ही कांग्रेस के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वहीं काम मैं कर रहा हूं। हर साल ठंड़ में महेश सोनी को दौरा पडऩे लगता है और वे मंच से इसी तरह की हरकत करने लगते हैं। कांग्रेस के लिए लडऩे वाले कार्यकर्ताओं का कांग्रेस नेता ही सम्मान नहीं करेंगे तो कैसे काम चलेगा। आत्म सम्मान की लड़ाई तो सभी लड़ते हैं।

स्थापना दिवस पर कांग्रेस की साख घटाने से सभी नाराज

बताया जाता है कि महेश सोनी द्वारा कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह में अपने ही पदाधिकारियों के साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने से शहर के सभी कांग्रेस नेता नाराज है। उनका कहना है कि सोनी पहले भी इस तरह की हरकत कर चुके हैं।

परन्तु उनकी वरिष्ठा का ध्यान रखते हुए कांग्रेस नेताओं ने सहन कर लिया था। परन्तु अब उनका व्यवहार असहनीय होता जा रहा है। संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान चल रहा है। अगर जल्द ही इस संबंध में फैसला नहीं लिया गया तो शहर के सभी कांग्रेस नेता लामबंद होकर आलाकमान से बदलाव के लिए आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि सत्ताधारी दल से लडऩे की बजाए सोनी अपने ही कार्यकर्ताओं को अपमानित कर रहे हैं।

Next Post

बदमाश ने 20 साल से कर रखा था कब्जा,दो घंटे में दो कमरे ध्वस्त किए

Wed Dec 29 , 2021
महानंदानगर में रासुका में बंद गुंडे के अवैध निर्माण पर चले हथौड़े उज्जैन,अग्निपथ। पुलिस प्रशासन ने बुधवार को रासुका में जेल मेंं बंद बदमाश के कब्जाए दो कमरे जमींदोज कर दिए। कार्रवाई महानंदा नगर में की गई है। गुंडे ने 20 साल से एक वृद्धा की जगह पर कब्जा कर […]