मध्यप्रदेश में सोमवार को होगा मंत्रिमंडल विस्तार

दोपहर साढ़े 3 बजे शपथ ग्रहण समारोह, दिल्ली में मंथन के बाद नाम तय

भोपाल। मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव मंत्रिमंडल का पहला विस्तार सोमवार को होगा। बीजेपी सूत्रों ने बताया कि सोमवार दोपहर 3.30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दो दिनों तक दिल्ली में रहकर बीजेपी के तमाम नेताओं से मुलाकात की। जिसके बाद शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है।

सीएम यादव आज ही भोपाल लौटेंगे। सोमवार सुबह वे राज्यपाल से मिलने जाएंगे। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण राजभवन में हो सकता है। इसे लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।

7 दिन के अंदर सीएम डॉ. मोहन यादव का तीसरा दिल्ली दौरा

पहला दौरा- सीएम पद की शपथ के बाद पिछले रविवार को सीएम डॉ. मोहन यादव पहली बार दिल्ली पहुंचे थे। जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निवास पर शाह की मौजूदगी में बैठक हुई थी। इसमें मंत्रिमंडल को लेकर विचार मंथन हुआ था।
दूसरा दौरा- सीएम डॉ. यादव दूसरी बार गुरुवार को दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री शुक्रवार रात को दिल्ली से भोपाल लौट गए।

तीसरा दौरा- सीएम यादव शनिवार शाम को तीसरी बार दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में हिस्सा लिया। रविवार को वे लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से मिले।

लोकसभा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मिले डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से मुलाकात की। सीएम ने केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात पर कहा- 12 जनवरी को युवा दिवस है। इस अवसर पर खेल और युवाओं को लेकर कई कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। खेल मंत्री ने भरोसा दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार मध्यप्रदेश सरकार को पूरा सहयोग करेगी।

Next Post

धार्मिक यात्रा पर आई महिला की चक्कर आने के बाद मौत

Sun Dec 24 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। तीन दिन पहले नागपुर से धार्मिक यात्रा पर आए महिला की बीती रात चक्कर आने के बाद मौत हो गई। परिजन और रिश्तेदार अस्पताल लेकर पहुंचे थे मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर आज सुबह पोस्टमार्टम कराया है। नागपुर से पिंकी पति सुनील गोडसे 30 […]